एमपी में मूंग के दाम 500 रुपये प्रति क्विंटल बढ़े, किसानों को राहत; सरकार पर बढ़ा आर्थिक बोझ
मध्य प्रदेश में मूंग के बाजार भाव में करीब 500 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी होने से किसानों को राहत मिली है। हाल ही में किसानों के आंदोलन के बाद राज्य सरकार ने मूंग खरीदी की सीमा बढ़ाई, जिससे एक ओर किसानों को अधिक उपज बेचने का अवसर मिला और दूसरी ओर बाजार में कीमतों में भी सुधार देखने को मिला। इससे प्रदेश के मूंग उत्पादक किसानों को बेहतर आमदनी मिलने की उम्मीद है।
हालांकि, सरकार के लिए मूंग की खरीदी बड़ा आर्थिक बोझ बनती जा रही है। पिछले तीन वर्षों से मध्य प्रदेश केंद्र सरकार द्वारा तय खरीद कोटे से अधिक मूंग खरीद रहा है। अतिरिक्त खरीदी गई मूंग केंद्र नहीं उठा रहा, जिसके कारण राज्य सरकार को उसे खुले बाजार में कम कीमत पर बेचना पड़ रहा है। वर्ष 2023-24 और 2024-25 की खरीदी में ही सरकार को करीब 2,000 करोड़ रुपये का नुकसान हो चुका है, जबकि पिछले वर्ष खरीदी गई मूंग पर लगभग 1,200 करोड़ रुपये का अतिरिक्त घाटा होने का अनुमान है। सरकार अब इस नुकसान को कम करने के लिए वैकल्पिक उपायों पर विचार कर रही है।