Patrakar Priyanshi Chaturvedi
मध्य प्रदेश में नया मुख्य सचिव मिलने के बाद अब पुलिस महकमे के सर्वोच्च पद यानी पुलिस महानिदेशक (DGP) के चयन की प्रक्रिया तेज हो गई है। पुलिस मुख्यालय द्वारा गृह विभाग को वरिष्ठता क्रम के आधार पर 11 वरिष्ठ IPS अधिकारियों के नामों का प्रस्ताव भेजा गया है, जिसे तय प्रारूप (12 कॉलम फॉर्मेट) में जांचने के बाद संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) को भेजा जाएगा। यूपीएससी इनमें से तीन अधिकारियों के नाम का अंतिम पैनल तैयार कर राज्य सरकार को भेजेगा, जिनमें से एक नाम पर नए डीजीपी के रूप में मुहर लगेगी। गौरतलब है कि मौजूदा डीजीपी कैलाश मकवाणा का कार्यकाल नवंबर 2026 में समाप्त हो रहा है।
गृह विभाग को भेजे गए 11 अधिकारियों के पैनल में 1991 बैच से लेकर 1994 बैच तक के स्पेशल डीजी और डीजी रैंक के अफसर शामिल हैं। 1991 बैच के अफसरों में जेल डीजी वरुण कपूर, होमगार्ड डीजी प्रज्ञा ऋचा और ईओडब्ल्यू डीजी उपेंद्र जैन के नाम सबसे वरिष्ठता क्रम में ऊपर हैं। इनके अलावा पंकज श्रीवास्तव, आदर्श कटियार, जी. अखेतो सेमा, अनिल कुमार, रवि गुप्ता, अनंत सिंह, मनमीत सिंह नारंग, राजाबाबू सिंह और डी.जी. गुप्ता के नाम भी शामिल हैं। दौड़ में ईओडब्ल्यू डीजी उपेंद्र जैन और होमगार्ड डीजी प्रज्ञा ऋचा के बीच कड़ा मुकाबला माना जा रहा है; जहां उपेंद्र जैन को फील्ड व प्रशासनिक कार्य का लंबा अनुभव है, वहीं यदि सरकार महिला सशक्तिकरण का संदेश देना चाहती है तो प्रज्ञा ऋचा प्रदेश की पहली महिला डीजीपी बनकर इतिहास रच सकती हैं।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |