Patrakar Priyanshi Chaturvedi
छतरपुर जिले के ग्राम कुपी में केन-बेतवा लिंक परियोजना के विस्थापन और मुआवजे की मांग को लेकर बराना नदी किनारे चल रहा 17 दिन पुराना आंदोलन रविवार को प्रशासनिक कार्रवाई के बाद समाप्त करा दिया गया। प्रशासन ने भारी बारिश और बढ़ते जलस्तर के कारण सुरक्षा का हवाला देते हुए पुलिस की मौजूदगी में आंदोलन स्थल खाली कराया। आंदोलन का नेतृत्व कर रहे अमित भटनागर को स्वास्थ्य बिगड़ने पर बिजावर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जबकि पन्ना जिले के 176 प्रदर्शनकारियों को तीन बसों से उनके गांव भेज दिया गया। प्रशासन का कहना है कि आंदोलनकारियों की मुआवजा बढ़ाने की प्रमुख मांग को राज्य सरकार पहले ही मंजूरी दे चुकी है और अन्य आरोपों पर प्रमाण मिलने पर जांच की जाएगी।
वहीं, आंदोलनकारियों ने प्रशासन की कार्रवाई को दमनात्मक बताते हुए आरोप लगाया कि टेंट और प्रतीकात्मक प्रदर्शन स्थल को बलपूर्वक हटाया गया तथा महिलाओं और बच्चों को उफनती नदी पार करने के लिए मजबूर होना पड़ा। अमित भटनागर ने अस्पताल में भी आमरण अनशन जारी रखने का ऐलान करते हुए भोजन और ड्रिप लेने से इनकार कर दिया है। प्रदर्शनकारियों ने केन-बेतवा परियोजना, पन्ना टाइगर रिजर्व और वन विभाग से जुड़े कथित भ्रष्टाचार की निष्पक्ष जांच की मांग दोहराई है। फिलहाल आंदोलन स्थल पर पुलिस बल तैनात है और प्रशासन ने स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में बताया है।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |