MP में अब भी 16% कम बारिश, 22 जुलाई के बाद सक्रिय होगा नया मानसूनी सिस्टम
मध्य प्रदेश में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है, हालांकि अब भी प्रदेश में सामान्य से 16 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है और पूर्वी हिस्से के कई क्षेत्रों में वर्षा की कमी बनी हुई है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 22 जुलाई से बंगाल की खाड़ी में नया लो प्रेशर सिस्टम बनने के संकेत हैं, जिसके प्रभाव से 23 से 27 जुलाई के बीच भोपाल, सागर, नर्मदापुरम, महाकौशल और विंध्य क्षेत्र में भारी बारिश हो सकती है। अगले चार दिनों तक प्रदेश के करीब 90 प्रतिशत हिस्से में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है, जिससे किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है।
पिछले 24 घंटे में टीकमगढ़ के खरगापुर में 74.5 मिमी, बालाघाट के वारासिवनी में 69.3 मिमी और दमोह के पथरिया में 63 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं, पश्चिमी मध्य प्रदेश के ग्वालियर-चंबल और मालवा क्षेत्र में बारिश की कमी के कारण गर्मी और उमस बनी हुई है। दतिया और ग्वालियर में तापमान 38 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तेज बारिश की संभावना को देखते हुए लोगों और प्रशासन को सतर्क रहने की सलाह दी है।