कैंसर से जूझते पति को छोड़ पत्नी ने की दूसरी शादी, रतलाम कोर्ट ने जारी किया गिरफ्तारी वारंट
मध्य प्रदेश के रतलाम में एक भावनात्मक और कानूनी विवाद का मामला सामने आया है। राजस्व कॉलोनी निवासी आकाश जाट ने आरोप लगाया है कि लव मैरिज के कुछ ही महीने बाद उन्हें गले की सांस नली का कैंसर हो गया, जिसके बाद उनकी पत्नी साक्षी नकुम ने उनका साथ छोड़ दिया। आकाश का दावा है कि पत्नी ने उनसे कहा, "तुम तो मर जाओगे", और तलाक की प्रक्रिया पूरी हुए बिना ही दूसरे युवक से शादी कर ली। अब इस मामले में कोर्ट ने आरोपी पत्नी के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया है।
आकाश और साक्षी ने नवंबर 2022 में प्रेम विवाह किया था, जबकि दिसंबर में परिवार की सहमति से दोबारा रीति-रिवाज से शादी हुई। अप्रैल 2023 में आकाश को कैंसर का पता चला, जिसके बाद पत्नी ने तलाक की अर्जी दायर कर दी। आकाश का आरोप है कि तलाक का मामला लंबित रहने के दौरान ही साक्षी ने जून 2024 में दूसरी शादी कर ली। फैमिली कोर्ट पहले ही तलाक याचिका खारिज कर चुका है। लगातार समन के बावजूद कोर्ट में पेश न होने पर अब न्यायालय ने साक्षी के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया है।