ओंकारेश्वर-ममलेश्वर मंदिरों के दानपात्रों से ₹27.58 लाख की दानराशि, पहली बार सार्वजनिक हुई आय
अयोध्या राम मंदिर दान प्रकरण के बाद पारदर्शिता बढ़ाने की दिशा में खंडवा प्रशासन ने ओंकारेश्वर और ममलेश्वर मंदिरों की दानराशि सार्वजनिक करना शुरू कर दिया है। पहली बार ममलेश्वर मंदिर के दानपात्रों की गिनती सार्वजनिक रूप से कराई गई, जिसमें 2 से 16 जुलाई के बीच पांच दानपात्रों से 6 लाख 71 हजार 865 रुपये प्राप्त हुए। वहीं, ओंकारेश्वर मंदिर के सात दानपात्रों से सात दिनों में 20 लाख 86 हजार 300 रुपये की दानराशि निकली। दोनों मंदिरों से कुल 27 लाख 58 हजार 165 रुपये का दान प्राप्त हुआ, जिसे बैंक खाते में जमा करा दिया गया।
प्रशासन के अनुसार, दानराशि की गणना तहसीलदार, जिला कोषालय अधिकारी के प्रतिनिधियों और बैंक कर्मियों की मौजूदगी में की गई। एसडीएम पंकज वर्मा ने बताया कि इस राशि का उपयोग श्रद्धालुओं की सुविधाओं के विस्तार के लिए किया जाएगा। इसमें टीन शेड, स्टील रेलिंग, सीसीटीवी कैमरे, शौचालय, सुविधाघर, कर्मचारियों के वेतन और अन्य आवश्यक विकास कार्य शामिल हैं। साथ ही आगामी सिंहस्थ-2028 को ध्यान में रखते हुए मंदिर परिसर में बुनियादी सुविधाओं को और बेहतर बनाने की योजना भी तैयार की जा रही है।