भोजशाला विवाद: नमाज के लिए वैकल्पिक जमीन चिन्हित, मुस्लिम पक्ष ने नहीं किया स्वीकार
सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद धार प्रशासन ने शुक्रवार को भोजशाला से करीब एक किलोमीटर दूर ग्राम मालीवाड़ा में मुस्लिम समुदाय के लिए जुमे की नमाज हेतु वैकल्पिक जमीन चिन्हित की। हालांकि मुस्लिम पक्ष ने इस स्थान को स्वीकार नहीं किया, जिसके चलते तय समय पर नमाज अदा नहीं की गई। वहीं, भोजशाला परिसर में हिंदू पक्ष ने नियमित रूप से पूजा-अर्चना की। प्रशासन दिनभर दोनों पक्षों से चर्चा करता रहा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए।
सुप्रीम कोर्ट ने अंतरिम आदेश में संरक्षित क्षेत्र से अलग खुले स्थान पर नमाज की व्यवस्था करने के निर्देश दिए थे। जिला प्रशासन ने आदेश का अध्ययन करने के बाद जमीन चिन्हित की, जबकि मुस्लिम पक्ष ने स्थान को अनुपयुक्त बताया। भोजशाला विवाद में अब अगली सुनवाई 5 अगस्त को होगी। इस बीच जिला प्रशासन ने अदालत के निर्देशों के अनुरूप शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने और आवश्यक कदम उठाने की बात कही है।