जोधपुर-भोपाल एक्सप्रेस में आधी रात लूट, नकाबपोश बदमाशों ने यात्रियों से जेवर और सामान छीना
मध्यप्रदेश के गुना जिले में रुठियाई आउटर पर सिग्नल का इंतजार कर रही जोधपुर-भोपाल एक्सप्रेस में आधी रात नकाबपोश बदमाशों ने लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया। यात्रियों के अनुसार, करीब 25 से 27 बदमाश स्लीपर कोच एस-5 और एस-6 में घुस गए और सो रहे यात्रियों से मंगलसूत्र, सोने की चेन, झुमके, बैग और अन्य सामान छीन लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने ट्रेन के बाहर से पथराव किया, जिसमें दो यात्री घायल हो गए। घटना के बाद यात्रियों ने हेल्पलाइन पर सूचना दी, लेकिन तब तक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो चुके थे।
जीआरपी ने मामले में चार यात्रियों की शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज की है। इनमें भोपाल, विदिशा और राजस्थान के यात्रियों से जेवरात व बैग लूटे जाने की पुष्टि हुई है। एक यात्री के बैग में एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, पासपोर्ट, शैक्षणिक दस्तावेज और अन्य जरूरी सामान भी था। इस घटना ने रात के समय ट्रेनों में सुरक्षा व्यवस्था और रेलवे की गश्त पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।