इंदौर में बढ़ेगा ई-बसों का नेटवर्क, 150 इलेक्ट्रिक बसें जल्द होंगी शामिल
ग्रीन मोबिलिटी को बढ़ावा देने के लिए इंदौर में प्रधानमंत्री ई-बस सेवा के तहत इलेक्ट्रिक बसों की संख्या 10 से बढ़ाकर 150 की जाएगी। अटल इंदौर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेस लिमिटेड (AICTSL) के अनुसार, रूट नंबर I-14 पर 10 ई-बसों का तकनीकी और व्यावसायिक ट्रायल सफल रहा है। फिलहाल 40 बसें शहर पहुंच चुकी हैं और चरणबद्ध तरीके से सभी 150 अत्याधुनिक, वातानुकूलित ई-बसों का संचालन शुरू किया जाएगा। इसके लिए जल्द ही पीएम ई-बस सेवा का औपचारिक शुभारंभ भी किया जाएगा।
नई ई-बसों में यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए सीसीटीवी कैमरे, पैनिक बटन और सेंट्रल कंट्रोल रूम से लाइव मॉनिटरिंग जैसी आधुनिक सुविधाएं दी गई हैं। योजना के तहत इंदौर शहर के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी भी बेहतर होगी, जिससे सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करने के साथ प्रदूषण कम करने और पर्यावरण अनुकूल यातायात को बढ़ावा मिलेगा।