ग्वालियर में भाजपा नेता के घर करोड़ों की चोरी, जांच में जुटी पुलिस
ग्वालियर के महाराजपुरा थाना क्षेत्र में भाजपा नेता और प्रॉपर्टी कारोबारी रसाल सिंह गुर्जर (राजा भैया) के सूने घर में चोरों ने करीब तीन घंटे के भीतर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। परिवार के माता पूजन के लिए बाहर जाने के दौरान बदमाश घर में घुसे और नकदी, सोने-चांदी के आभूषण तथा हीरे के जेवर लेकर फरार हो गए। पीड़ित ने करीब 3.50 करोड़ रुपये की चोरी का दावा किया है। घर लौटने पर अलमारी टूटी देखकर उनकी पत्नी की तबीयत बिगड़ गई और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, चोरी गए गहनों और नकदी का सत्यापन किया जा रहा है। प्रारंभिक आकलन में चोरी गए जेवरों की कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई गई है, जबकि वास्तविक नुकसान का आंकड़ा गहनों की सूची और जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।