बारिश से रेल संचालन प्रभावित, इंदौर आने-जाने वाली कई ट्रेनें देरी से चल रहीं
देश के विभिन्न हिस्सों में हो रही लगातार बारिश का असर अब इंदौर की रेल सेवाओं पर भी दिखाई देने लगा है। मुंबई-पुणे रेलखंड में भारी बारिश के कारण कई स्थानों पर चट्टानें और मलबा रेलवे ट्रैक पर आने से ट्रेनों की गति कम करनी पड़ी है, जबकि कुछ ट्रेनों को वैकल्पिक मार्ग से संचालित किया जा रहा है। इसका असर इंदौर आने-जाने वाली करीब एक दर्जन ट्रेनों पर पड़ा है, जिससे यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।
इंदौर-दौंड एक्सप्रेस पिछले कई दिनों से निरस्त चल रही है, जिससे इस मार्ग के यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। वहीं, इंदौर-जयपुर एक्सप्रेस निर्धारित समय से देरी से रवाना हुई और मालवा एक्सप्रेस भी करीब ढाई घंटे की देरी से चली। हालांकि अवंतिका एक्सप्रेस तय समय पर इंदौर पहुंची, जिससे यात्रियों को कुछ राहत मिली। रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले अपनी ट्रेन का लाइव स्टेटस जांचने की अपील की है।