इंदौर में आज 'माय यूथ माय प्राइड कॉन्क्लेव-2026', 5 हजार युवा लेंगे विकसित मध्यप्रदेश का संकल्प
इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में आज ‘माय यूथ माय प्राइड कॉन्क्लेव-2026’ का आयोजन होगा, जिसमें प्रदेशभर से करीब 5 हजार युवा हिस्सा लेंगे। ‘वन स्टेट, वन जनरेशन, वन संकल्प’ थीम पर आधारित इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को मध्यप्रदेश के विकास की मुख्यधारा से जोड़ना और उनके सुझावों को नीति निर्माण तक पहुंचाना है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव दोपहर करीब 12 बजे कार्यक्रम में शामिल होकर युवाओं से संवाद करेंगे। कॉन्क्लेव में शिक्षा, कौशल विकास, स्टार्टअप, एमएसएमई, कृषि, खेल, स्वास्थ्य, पर्यावरण, पर्यटन और संस्कृति जैसे विषयों पर विशेषज्ञों के साथ चर्चा और कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। इन सत्रों से प्राप्त सुझावों के आधार पर ‘युवा संकल्प’ दस्तावेज तैयार किया जाएगा, जिसे भविष्य की विकास योजनाओं के लिए उपयोगी माना जा रहा है।
कार्यक्रम में मोटर साइकिल और साइकिल रैली, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, प्रेरक संवाद, युवा सम्मान समारोह और इंदौरी फूड स्ट्रीट भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे। आयोजन का उद्देश्य युवाओं को केवल श्रोता नहीं, बल्कि प्रदेश के विकास का सक्रिय भागीदार बनाना है। कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागी विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध मध्यप्रदेश के निर्माण का सामूहिक संकल्प लेंगे, जिसे युवाओं की साझा प्रतिबद्धता और राज्य के भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।