एमपी के पहले डबल डेकर फ्लाईओवर का लोड टेस्ट सफल होने की ओर, जल्द दौड़ेंगे वाहन
इंदौर के लवकुश चौराहे पर करीब 250 करोड़ रुपये की लागत से तैयार मध्य प्रदेश के पहले डबल डेकर फ्लाईओवर का लोड टेस्ट शुरू हो गया है। ब्रिज की मजबूती और भार वहन क्षमता जांचने के लिए उस पर 14 डंपर खड़े कर संरचनात्मक परीक्षण किया जा रहा है। यदि सभी तकनीकी मानक संतोषजनक पाए गए तो अगले सप्ताह ट्रायल के तौर पर फ्लाईओवर को यातायात के लिए खोल दिया जाएगा, जिसके बाद इसका औपचारिक लोकार्पण होगा।
इंदौर विकास प्राधिकरण (आईडीए) की निगरानी में चल रहे इस परीक्षण के दौरान इंजीनियर विशेष उपकरणों की मदद से ब्रिज के झुकाव (डिफ्लेक्शन) और संरचनात्मक स्थिरता की लगातार निगरानी कर रहे हैं। डंपरों को गुरुवार तक पुल पर ही रखा जाएगा ताकि विभिन्न चरणों में परीक्षण पूरा किया जा सके। करीब 70 फीट ऊंचा यह डबल डेकर फ्लाईओवर प्रतिदिन लगभग एक लाख वाहनों के यातायात का दबाव संभालने के लिए तैयार किया गया है।