जबलपुर में नलों से आया काला और बदबूदार पानी, दूषित पेयजल से लोगों में दहशत
जबलपुर के उत्तर मध्य विधानसभा क्षेत्र के राजीव गांधी वार्ड में बुधवार सुबह नलों से काला, बदबूदार और गंदगीयुक्त पानी आने से हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि पेयजल पाइपलाइन में लीकेज के कारण नाले का दूषित पानी सप्लाई लाइन में मिल रहा है। नागरिकों ने नगर निगम से तत्काल जांच, पाइपलाइन की मरम्मत और स्वच्छ पेयजल की वैकल्पिक व्यवस्था की मांग की है।
क्षेत्र के लोगों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से पेट दर्द, उल्टी, दस्त और बुखार जैसी शिकायतें बढ़ी हैं, हालांकि स्वास्थ्य विभाग ने अभी तक दूषित पानी और बीमारियों के संबंध की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। लोगों ने टंकियों, आरओ और वाटर फिल्टर के प्रभावित होने की भी आशंका जताई है तथा चेतावनी दी है कि समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ तो जलजनित बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है।