सितंबर में शुरू होगा मध्य प्रदेश का पहला डबल डेकर फ्लाईओवर, इंदौर को मिलेगी बड़ी ट्रैफिक राहत
Madhya Pradesh

इंदौर के लवकुश चौराहे पर बन रहा मध्य प्रदेश का पहला डबल डेकर फ्लाईओवर अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। करीब 160 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहे इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट का एक हिस्सा बनकर तैयार हो चुका है और उसकी लोड टेस्टिंग भी पूरी कर ली गई है। दूसरे हिस्से की स्लैब डालने का काम जारी है, जिसे जुलाई के मध्य तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। बारिश के कारण डामरीकरण का काम फिलहाल संभव नहीं है, इसलिए फ्लाईओवर को सितंबर 2026 में आम लोगों के लिए खोले जाने की संभावना है। इसके शुरू होने के बाद प्रतिदिन करीब दो लाख वाहनों की आवाजाही सुगम होगी और शहर के प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक जाम में बड़ी राहत मिलेगी।

 

यह परियोजना मूल रूप से अगस्त 2025 तक पूरी होनी थी, लेकिन साइट से जुड़ी बाधाओं और तकनीकी कारणों से निर्माण कार्य में लगभग सात महीने की देरी हुई। जिला कलेक्टर की सख्ती के बाद निर्माण कार्य में तेजी आई और अब अधिकांश स्ट्रक्चर तैयार हो चुका है। अगस्त की शुरुआत में दूसरे हिस्से की लोड टेस्टिंग भी पूरी होने की उम्मीद है। अधिकारियों का कहना है कि मौसम साफ होते ही डामर बिछाने और अंतिम फिनिशिंग का काम पूरा कर फ्लाईओवर जनता के लिए खोल दिया जाएगा, जिससे इंदौर के शहरी यातायात को नई गति मिलेगी।

Priyanshi Chaturvedi 7 July 2026

Comments

Be First To Comment....

Video
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.