Patrakar Priyanshi Chaturvedi
मध्य प्रदेश के झाबुआ जिले के राणापुर निवासी सराफा कारोबारी के तीन वर्षीय बेटे गौरांश की नैनीताल में एक दर्दनाक हादसे में मौत हो गई। परिवार छुट्टियां मनाने के लिए 1 जुलाई को 22 सदस्यों के साथ नैनीताल गया था और इसके बाद माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए जम्मू जाने की योजना थी। रविवार सुबह होटल में खेलते समय गौरांश कथित तौर पर तीसरी मंजिल की खिड़की से करीब 20 फीट नीचे गिर गया, जिससे उसके सिर और गर्दन में गंभीर चोटें आईं। पहले नैनीताल और फिर हल्द्वानी में उपचार के बाद उसे दिल्ली के फोर्टिस अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
गौरांश अपने माता-पिता विशाल और सुरभि सोनी की इकलौती संतान था। परिजनों के अनुसार, दिल्ली ले जाते समय रास्ते में उसकी धड़कन भी रुक गई थी, जिसे डॉक्टरों ने दोबारा शुरू किया, लेकिन गंभीर सिर की चोटों के कारण उसे बचाया नहीं जा सका। मासूम की मौत की खबर से राणापुर में शोक की लहर फैल गई है और पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। सोमवार को गौरांश का पार्थिव शरीर घर लाया गया, जहां अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |