Patrakar Priyanshi Chaturvedi
दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर मध्य प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस दोनों ही दलों ने अभी तक अपने प्रत्याशियों की घोषणा नहीं की है, लेकिन टिकट को लेकर अंदरूनी गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं। इसी बीच पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा का अचानक दिल्ली पहुंचना चर्चा का विषय बन गया। बाद में जानकारी सामने आई कि उन्होंने बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र शास्त्री से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया। हालांकि राजनीतिक गलियारों में उनकी इस यात्रा को उपचुनाव से जोड़कर भी देखा जा रहा है।
दूसरी ओर, नरोत्तम मिश्रा ने दतिया में अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। वे लगातार कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों से संपर्क कर रहे हैं। भाजपा की ओर से जल्द रणनीतिक बैठक होने की संभावना है, जिसमें चुनावी तैयारियों के साथ प्रत्याशी चयन पर भी अंतिम निर्णय लिया जा सकता है। सूत्रों के अनुसार, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की मौजूदगी में होने वाली बैठक के बाद उम्मीदवार के नाम पर स्थिति साफ हो सकती है।
उधर, कांग्रेस में भी टिकट को लेकर कई दावेदार सक्रिय हैं। पूर्व विधायक राजेंद्र भारती अपने बेटे के लिए प्रयास कर रहे हैं, जबकि उनकी पत्नी का नाम भी संभावित उम्मीदवारों में शामिल बताया जा रहा है। इसके अलावा पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता भी दावेदारी जता रहे हैं। वहीं, भारत निर्वाचन आयोग ने उपचुनाव की तैयारियां तेज करते हुए सामान्य, पुलिस और व्यय प्रेक्षकों की नियुक्ति कर दी है, जिससे चुनावी प्रक्रिया अब निर्णायक चरण की ओर बढ़ती दिखाई दे रही है।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |