पूरे मध्य प्रदेश में सक्रिय हुआ मानसून, अगले चार दिन तेज बारिश के आसार, कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट
Monsoon , Madhya Pradesh, heavy rain , Orange Alert

मध्य प्रदेश में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है और प्रदेश के सभी जिलों को कवर कर चुका है। गुरुवार को राजधानी भोपाल समेत ग्वालियर, रीवा, सीहोर, रतलाम, दमोह और पांढुर्णा सहित कई जिलों में झमाझम बारिश दर्ज की गई। दमोह में लगातार वर्षा के कारण नदी-नाले उफान पर आ गए। इस वर्ष मानसून ने 24 जून को प्रदेश में प्रवेश किया था और करीब नौ दिनों में पूरे राज्य में फैल गया, हालांकि इसकी आमद सामान्य से लगभग नौ दिन देरी से हुई। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक प्रदेशभर में तेज बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई है।

अब तक मध्य प्रदेश में औसतन 100.2 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जबकि इस अवधि में सामान्य वर्षा 139.7 मिमी होती है। यानी फिलहाल प्रदेश में लगभग 28 प्रतिशत कम बारिश हुई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि जुलाई में मानसून और अधिक सक्रिय होगा, जिससे बारिश की कमी काफी हद तक पूरी हो सकती है। हरदा, नर्मदापुरम, रायसेन, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा और बालाघाट में अति भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जहां अगले 24 घंटों में 4 से 8 इंच तक वर्षा हो सकती है। वहीं अशोकनगर, देवास, खंडवा, बैतूल, सागर, मंडला और डिंडौरी में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

 

मौसम विभाग ने भोपाल, इंदौर, उज्जैन, विदिशा, राजगढ़, धार, झाबुआ, अलीराजपुर, बड़वानी, खरगोन, बुरहानपुर, रतलाम, मंदसौर, नीमच, शाजापुर, आगर-मालवा, ग्वालियर, मुरैना, भिंड, शिवपुरी, जबलपुर, कटनी, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, उमरिया, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी सहित कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है। प्रशासन ने लोगों से भारी बारिश के दौरान नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने तथा मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की है।

Priyanshi Chaturvedi 2 July 2026

Comments

Be First To Comment....

Video
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.