अयोध्या राम मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास अस्पताल में भर्ती, डॉक्टरों की निगरानी में इलाज
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल में डॉक्टरों ने उनके जरूरी मेडिकल टेस्ट कराए हैं और रिपोर्ट के आधार पर आगे की उपचार प्रक्रिया तय की जाएगी। फिलहाल विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उनकी सेहत पर लगातार नजर रखे हुए है।
88 वर्षीय महंत नृत्य गोपाल दास पिछले कुछ वर्षों से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे हैं। इससे पहले जनवरी में भी उनकी तबीयत खराब होने पर उन्हें इसी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उस समय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी अस्पताल पहुंचकर उनका हालचाल लेने गए थे। महंत नृत्य गोपाल दास श्रीकृष्ण जन्मभूमि न्यास के अध्यक्ष भी हैं और देश-विदेश में उनके लाखों अनुयायी हैं।
कोरोना संक्रमण के बाद से उनके स्वास्थ्य में समय-समय पर उतार-चढ़ाव आता रहा है, जिसके चलते उन्हें कई बार अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। पिछले वर्ष मथुरा-वृंदावन में प्रेमानंद महाराज के आश्रम में उनके सम्मान का कार्यक्रम भी चर्चा में रहा था। वहां उन्होंने भगवान श्रीराम की कृपा को जीवन का सबसे बड़ा आधार बताते हुए श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक संदेश दिया था।