खटीमा में डंपिंग जोन विवाद, शनि मंदिर के पास मांस मिलने पर कांग्रेस का विरोध

खटीमा के प्राचीन शनि मंदिर और शहीद स्मारक के समीप बने नगर पालिका के डंपिंग जोन में मांस मिलने की घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। धार्मिक आस्था और शहीदों की स्मृति से जुड़े इस स्थान के पास मांस और कूड़ा मिलने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध जताते हुए प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने घटना की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और डंपिंग जोन को तत्काल हटाने की मांग की है।

कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि नगर पालिका की गाड़ियां मंदिर और शहीद स्मारक के पास स्थित डंपिंग स्थल पर मांस और हड्डियों से युक्त कचरा डाल रही हैं, जिससे लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। कांग्रेस प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य बॉबी राठौर ने इसे धार्मिक आस्था और शहीदों के सम्मान का अपमान बताते हुए नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि ऐसे संवेदनशील स्थान के पास पूरे शहर का कचरा डंप करना ही गलत है।

 

मामले को गंभीरता से लेते हुए खटीमा के एसडीएम तुषार सैनी ने बताया कि नगर पालिका को कड़ी फटकार लगाई गई है और संबंधित ठेकेदार को नोटिस जारी किया गया है। प्रशासन का कहना है कि घटना की जांच कराई जा रही है और भविष्य में धार्मिक स्थलों एवं शहीद स्मारकों की गरिमा बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। वहीं स्थानीय लोगों ने भी डंपिंग जोन को किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग उठाई है।

Priyanshi Chaturvedi 30 May 2026

Comments

Be First To Comment....

Video
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.