Patrakar Priyanshi Chaturvedi
मध्य प्रदेश में पुलिस भर्ती प्रक्रिया के तहत सूबेदार और सब इंस्पेक्टर भर्ती के बाद अब प्रधान आरक्षक (कंप्यूटर) और सहायक उपनिरीक्षक (कंप्यूटर) पदों के लिए फिजिकल टेस्ट की तारीखें घोषित कर दी गई हैं। पुलिस मुख्यालय के अनुसार 7 से 9 जून के बीच भोपाल और जबलपुर में 800 मीटर दौड़ एवं दस्तावेज सत्यापन कराया जाएगा। हालांकि प्रदेशभर में 42 से 45 डिग्री तक पहुंच रहे तापमान के बीच इस परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों और उनके परिजनों की चिंता बढ़ गई है। कई परिवारों ने परीक्षा की टाइमिंग बदलने की मांग उठाई है।
दरअसल, साल 2022 की पुलिस भर्ती परीक्षा के दौरान भीषण गर्मी में दौड़ लगाने के दौरान दो युवाओं की मौत हो चुकी है। जबलपुर में भर्ती प्रक्रिया के दौरान बालाघाट निवासी इंदरकुमार लिल्हारे और सिवनी निवासी नरेंद्र कुमार गौतम 800 मीटर दौड़ पूरी करने के बाद बेहोश हो गए थे, जिनकी बाद में मौत हो गई थी। उस समय गर्मी और लू को देखते हुए तत्कालीन गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने फिजिकल टेस्ट की टाइमिंग में बदलाव कराया था। इसी पुराने घटनाक्रम को याद कर परिजन अब फिर से सुरक्षा और स्वास्थ्य को लेकर सवाल उठा रहे हैं।
पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, ऑनलाइन परीक्षा 24 और 25 मार्च को आयोजित हुई थी, जबकि परिणाम 8 मई को घोषित किए गए। चयनित उम्मीदवारों का फिजिकल टेस्ट भोपाल के लाल परेड ग्राउंड और जबलपुर के 6वीं वाहिनी विसबल रांझी मैदान में कराया जाएगा। सहायक पुलिस महानिरीक्षक चयन एवं भर्ती गोपाल सिंह धाकड़ ने कहा है कि सभी अभ्यर्थियों को निर्धारित तारीख पर ही उपस्थित होना होगा और आधार ई-केवाईसी सत्यापन के लिए आधार कार्ड साथ लाना अनिवार्य रहेगा।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |