Patrakar Priyanshi Chaturvedi
सिंगरौली में मध्य प्रदेश शासन के निर्देशानुसार चलाए जा रहे "जल-गंगा संवर्धन अभियान" के तहत गंगा दशहरा के पावन अवसर पर नगर पालिक निगम सिंगरौली द्वारा वार्ड क्रमांक 41 स्थित गनियारी तालाब में विशेष पूजन-अर्चन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में निगम अध्यक्ष देवेश पांडे, वार्ड क्रमांक 40 की पार्षद एवं नेता प्रतिपक्ष श्रीमती सीमा जायसवाल तथा उपायुक्त आर.पी. बैस सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच तालाब की पूजा-अर्चना कर मां गंगा की आरती उतारी गई और जल स्रोतों के संरक्षण का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए निगम अध्यक्ष देवेश पांडे ने कहा कि पारंपरिक जल स्रोत हमारी अमूल्य धरोहर हैं और इन्हें स्वच्छ एवं सुरक्षित रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि "जल-गंगा संवर्धन अभियान" केवल एक सरकारी अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए जल संरक्षण का जन-आंदोलन है। वहीं नेता प्रतिपक्ष सीमा जायसवाल ने नागरिकों से अपील की कि वे तालाबों और नदियों में प्लास्टिक एवं पूजन सामग्री न डालें और स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
उपायुक्त आर.पी. बैस ने बताया कि नगर निगम द्वारा शहर के प्रमुख जलाशयों के गहरीकरण, जीर्णोद्धार और नियमित सफाई का कार्य लगातार किया जा रहा है। कार्यक्रम में सफाई मित्रों, आईईसी टीम और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। आईईसी टीम ने लोगों को कचरा प्रबंधन और जल स्रोतों को प्रदूषण से बचाने के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने गनियारी तालाब सहित शहर के सभी जल स्रोतों को स्वच्छ, सुंदर और सुरक्षित बनाए रखने की सामूहिक शपथ ली।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |