Patrakar Priyanshi Chaturvedi
मध्यप्रदेश में नौतपा की शुरुआत के साथ ही भीषण गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए अगले 9 दिनों तक लू चलने की चेतावनी दी है। भोपाल, ग्वालियर, उज्जैन समेत कई शहरों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने की संभावना जताई गई है। रविवार को खजुराहो और नौगांव प्रदेश के सबसे गर्म शहर रहे, जहां पारा 45.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दतिया, सतना, सागर, दमोह और टीकमगढ़ सहित कई जिलों में तापमान 44 डिग्री के आसपास पहुंच गया।
मौसम विभाग ने छतरपुर, टीकमगढ़, सतना, पन्ना और निवाड़ी में रेड अलर्ट जारी किया है, जबकि जबलपुर, रीवा, सिंगरौली, सीधी, दमोह, दतिया, मंडला, भिंड और कटनी समेत 18 जिलों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। वहीं भोपाल, ग्वालियर, उज्जैन, विदिशा, रायसेन, मुरैना, शिवपुरी, खरगोन और बुरहानपुर सहित कई जिलों में येलो अलर्ट जारी है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार लो-प्रेशर जोन सक्रिय होने से गर्मी और उमस दोनों बढ़ रही हैं, हालांकि मानसून 10 से 15 जून के बीच मध्यप्रदेश पहुंच सकता है।
स्वास्थ्य विभाग ने भीषण गर्मी को देखते हुए सभी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों को अलर्ट मोड पर रखा है। सीएमएचओ डॉ. सुधीर कुमार डेहरिया ने लोगों से अपील की है कि तेज धूप में बाहर निकलने से बचें, पर्याप्त पानी पीते रहें और सूती कपड़ों का इस्तेमाल करें। स्वास्थ्य विभाग ने लू के मरीजों के लिए अस्पतालों में ठंडे पेयजल, पंखों और प्राथमिक उपचार की विशेष व्यवस्था करने के निर्देश जारी किए हैं।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |