Patrakar Priyanshi Chaturvedi
मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी से परेशान लोगों को मौसम ने कुछ राहत जरूर दी है, लेकिन इसके साथ नई परेशानियां भी सामने आई हैं। प्रदेश के कई हिस्सों में अचानक मौसम बदलने से तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि हुई, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 4 मई तक प्रदेश में ऐसा ही मौसम बना रह सकता है। कई इलाकों में तेज हवाएं, गरज-चमक के साथ बारिश और कहीं-कहीं वज्रपात की संभावना जताई गई है।
ग्वालियर, चंबल, सागर, शहडोल, रीवा और जबलपुर संभाग के लोगों को विशेष सतर्क रहने की सलाह दी गई है। राजधानी भोपाल में भी तेज आंधी और बारिश के चलते कई सड़कों पर पानी भर गया, जिससे ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित हुई। रीवा, सतना, सागर, रायसेन, दमोह, बालाघाट और ग्वालियर समेत कई जिलों में बारिश दर्ज की गई। कुछ स्थानों पर पेड़ गिरने और बिजली के खंभे उखड़ने की घटनाएं भी सामने आईं, जिससे बिजली आपूर्ति बाधित रही।
मौसम में बदलाव का असर तापमान पर भी पड़ा है। सीधी में तापमान करीब 32 डिग्री तक पहुंच गया, जबकि रीवा, सतना और पचमढ़ी में भी गर्मी से राहत मिली है। हालांकि पश्चिमी मध्य प्रदेश के खरगोन, इंदौर और उज्जैन जैसे क्षेत्रों में तापमान अब भी 40 डिग्री के आसपास बना हुआ है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ, दबाव क्षेत्र और ट्रफ लाइन के कारण बंगाल की खाड़ी से नमी आने से यह स्थिति बनी हुई है।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |