एफआईआर को लेकर पुलिस की कार्रवाई पर उठे सवाल, दो समाजों में तनाव बढ़ा

देवास जिले के नेमावर में दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने अब गंभीर रूप ले लिया है। घटना के बाद दो समाज आमने-सामने आ गए हैं और माहौल में तनाव की स्थिति बन गई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस ने बिना पूरी और निष्पक्ष प्रारंभिक जांच किए जल्दबाजी में एफआईआर दर्ज कर दी, जिससे स्थिति और बिगड़ गई।

 

इस कार्रवाई के विरोध में धनगर समाज ने सर्वसम्मति से नगर बंद का आह्वान किया, जिसे व्यापारिक वर्ग का भी समर्थन मिला। समाज के लोगों का कहना है कि जो लोग मौके पर सिर्फ घायलों की मदद कर रहे थे और बीच-बचाव कर रहे थे, उन्हें ही आरोपी बना दिया गया। इसके साथ ही एक नाबालिग के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने पर भी नाराजगी जताई गई।

 

वहीं दूसरी ओर जाट समाज के लोगों ने भी थाने पहुंचकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए और ज्ञापन सौंपा। उनका कहना है कि कुछ लोगों को बिना सही तथ्यों के गंभीर धाराओं में फंसाया गया है, जबकि वे केवल विवाद शांत कराने और अपने परिजनों की सुरक्षा के लिए वहां मौजूद थे। दोनों पक्षों का मानना है कि अगर पुलिस ने शुरुआत में ही सही तरीके से जांच की होती, तो स्थिति इस स्तर तक नहीं पहुंचती और नगर में तनाव तथा बंद जैसी परिस्थितियाँ पैदा नहीं होतीं।

Priyanshi Chaturvedi 28 April 2026

Comments

Be First To Comment....

Video
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.