भोपाल में तालाब ब्रिज पर बोरी में मिले गौवंश के अवशेष, जय भवानी संगठन ने किया प्रदर्शन
भोपाल के तलैया थाना क्षेत्र में काली मंदिर के पास रविवार देर रात एक बोरे में मवेशी के अवशेष मिलने से इलाके में आक्रोश फैल गया। घटना की जानकारी मिलते ही जय मां भवानी हिंदू संगठन के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और अवशेष को गोवंश का बताते हुए मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
सूचना पाकर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और भारी बल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। जय भवानी संगठन के प्रमुख भानू हिंदू ने आरोप लगाया कि अवशेष की स्थिति से स्पष्ट है कि गोवंश की हत्या की गई है। उन्होंने पुलिस से इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर दोषियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने की मांग की।