टीम इंडिया की जीत का जश्न हिंसक झड़प में बदला, 10 से अधिक घायल
चिमनगंज थाना क्षेत्र में भारतीय टीम की जीत का जश्न रविवार रात हिंसक विवाद में बदल गया। जीरो पॉइंट ब्रिज के पास स्थित राज रॉयल कॉलोनी में पटाखे फोड़ने को लेकर दो समुदायों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते लाठी-डंडों और हथियारों से मारपीट में बदल गई। घटना में महिलाएं समेत 10 से अधिक लोग घायल हुए।
जानकारी के अनुसार, जश्न मना रहे कुछ कॉलोनीवासियों के खिलाफ दूसरे पक्ष के करीब एक दर्जन लोग हथियार लेकर आए और हमला किया। घायलों में रविंद्र हाड़ा, दृष्टि हाड़ा, मनीष मेहरले, अनिता मेहरले, विमला मालवीय और अन्य शामिल हैं। पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया और मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित मनीष मेहरले और रविंद्र हाड़ा ने बताया कि वे घर के बाहर बैठकर जश्न मना रहे थे, तभी अचानक हमला शुरू हो गया। आरोप है कि हमलावरों ने धारदार हथियारों का इस्तेमाल किया, जिससे दृष्टि हाड़ा के हाथ में चाकू लग गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों पक्ष लाठी-डंडों से एक-दूसरे पर हमला करते दिख रहे हैं। पुलिस पूरी घटना की जांच कर रही है।