JEE Advanced 2026: परीक्षा 17 मई को, 23 अप्रैल से शुरू होगा पंजीकरण
आईआईटी रुड़की ने जेईई एडवांस्ड 2026 की रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया और परीक्षा कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। भारतीय छात्रों के लिए आवेदन 23 अप्रैल 2026 से शुरू होंगे और 2 मई 2026 तक आधिकारिक वेबसाइट jeeadv.ac.in पर ऑनलाइन आवेदन किया जा सकेगा। वहीं विदेशी छात्रों के लिए पंजीकरण प्रक्रिया 6 अप्रैल 2026 से शुरू होगी। परीक्षा इस साल आईआईटी रुड़की द्वारा आयोजित की जाएगी।
जेईई एडवांस्ड 2026 का एडमिट कार्ड 11 मई से 17 मई 2026 के बीच डाउनलोड किया जा सकेगा। परीक्षा 17 मई 2026 को दो सत्रों में आयोजित होगी। पहला सत्र सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरा सत्र दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक होगा। परीक्षा कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) मोड में होगी और प्रश्नपत्र हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध कराया जाएगा।
पात्रता के अनुसार केवल वही उम्मीदवार आवेदन कर सकेंगे जिन्होंने जेईई मेन 2026 में शीर्ष 2,50,000 रैंक हासिल की हो। इसके अलावा उम्मीदवार को 2025 या 2026 में कक्षा 12वीं परीक्षा में पहली बार शामिल होना चाहिए और भौतिकी, रसायन और गणित विषय अनिवार्य हैं। पहले किसी भी आईआईटी में प्रवेश ले चुके उम्मीदवार परीक्षा के लिए पात्र नहीं होंगे। प्रत्येक उम्मीदवार केवल दो बार लगातार दो वर्षों में जेईई एडवांस्ड परीक्षा दे सकता है।