Patrakar Priyanshi Chaturvedi
इंदौर में रंगपंचमी का त्योहार अपने अनोखे गेर के लिए प्रसिद्ध है। पुराने शहर के इलाकों में निकलने वाली गेर में लोग बड़ी संख्या में शामिल होते हैं और रास्ते में खड़े दर्शकों पर रंग बरसाते हुए आगे बढ़ते हैं। गेर के दौरान आसमान में दूर-दूर तक रंगों के बादल छा जाते हैं और यह दृश्य बेहद मनोरम होता है।
इस साल भी शहरवासियों को छतों से गेर देखने का मौका मिलेगा। प्रशासन ने इस व्यवस्था को जारी रखा है, ताकि परिवार और मित्रों के साथ सुरक्षित और आरामदायक तरीके से इस त्योहार का आनंद लिया जा सके। शीतला माता बाजार से लेकर गौराकुंड और खजूरी मार्केट तक की छतों से लोग गेर की रौनक देख सकेंगे।
इस बार गेर मार्ग पर स्थित 8 छतों पर 200 से अधिक लोगों के बैठने की व्यवस्था की जाएगी। छतों की बुकिंग बुक माय शो के माध्यम से की जा सकती है और इसके लिए टिकट खरीदना अनिवार्य होगा। 8 मार्च को रविवार होने के कारण इस साल गेर में और भी अधिक भीड़ जुटने की संभावना है। करीब चार किलोमीटर लंबे गेर मार्ग पर प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। बिजली के तार और केबल हटाए जा रहे हैं, साथ ही सड़कों की मरम्मत का काम भी किया जा रहा है।
परंपरा के अनुसार इस साल भी चार गेर जुलूस का हिस्सा होंगी। लगभग 100 फीट तक रंग फेंकने वाली विशेष रंग मिसाइलें तैयार की जा रही हैं। इसके अलावा गेर में डीजे और भजन मंडलियां भी शामिल होंगी। नगर निगम की गेर भी इस जुलूस का हिस्सा रहेगी, लेकिन हाल ही में हुई कुछ घटनाओं के कारण मेयर पुष्यमित्र भार्गव इस बार गेर में शामिल नहीं होंगे।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |