Patrakar Priyanshi Chaturvedi
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में होली सेलिब्रेशन के दौरान छात्रों के दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हो गई। डीजे की धुन पर चल रहे होली मिलन समारोह के बीच अचानक विवाद शुरू हुआ और देखते ही देखते छात्र एक-दूसरे पर लात-घूंसे बरसाने लगे। बताया जा रहा है कि कुछ छात्र नशे में थे और रंग-गुलाल के बीच कपड़े फाड़ने की घटना को लेकर झगड़ा भड़क गया। चार दिन पहले भी यूनिवर्सिटी में इसी तरह की मारपीट की घटना सामने आई थी।
इससे पहले एबीवीपी के होली मिलन समारोह में स्टेज पर चढ़ने को लेकर छात्रों के बीच विवाद हुआ था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ छात्र जबरन मंच पर चढ़ने की कोशिश कर रहे थे, जिसका विरोध होने पर दोनों गुट आमने-सामने आ गए थे। वहीं सोमवार को ‘रंग बरसे 0.5’ नाम से आयोजित कार्यक्रम में ऑडिटोरियम के सामने तेज साउंड सिस्टम और डीजे पर छात्र-छात्राएं रंगों के साथ डांस कर रहे थे। इसी दौरान माहौल बिगड़ा और उत्सव हिंसक झड़प में बदल गया।
मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ छात्र एक अन्य छात्र को घेरकर पिटाई करते नजर आ रहे हैं। घटना के बाद कैंपस में अफरा-तफरी मच गई और कई छात्र इधर-उधर भागते दिखे। हालांकि कोनी थाना क्षेत्र के टीआई भावेश शेंडे ने कहा है कि पुलिस को अब तक किसी भी छात्र की ओर से शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर उचित कार्रवाई की बात कही गई है।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |