Patrakar Priyanshi Chaturvedi
ग्वालियर। बादलों की आवा-जाही के चलते पिछले चार-पांच दिनों से भीषण गर्मी और लू से अवश्य राहत बनी हुई है लेकिन वातावरण में बढ़ी उमस लोगों की बैचनी बढ़ा रही है। इसी क्रम में शुक्रवार को दिन में जहां मध्यम बादल छाए रहे वहीं शाम को धूल भरी आंधी चली। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि शनिवार को भी मौसम ऐसा ही बना रहेगा लेकिन रविवार से मौसम फिर से गर्म हो सकता है जबकि 11 मई को एक बार फिर बादल छा सकते हैं।
शुक्रवार को सुबह से ही आसमान में मध्यम बादल छाए रहे। इसके चलते धूप अवश्य निकली लेकिन सूरज के तेवर नरम बने रहे। साथ ही कभी पश्चिमी तो कभी उत्तर-पश्चिमी हवाएं भी चलती रहीं। शाम करीब चार बजे से लगभग 15 मिनट तक 25 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलीं। जिन्होंने धूल भरी आंधी का रूप ले लिया। इस दौरान सड़कों से गुजर रहे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थानीय मौसम वैज्ञानिक सीके उपाध्याय ने बताया कि वर्तमान में पूर्वी मध्यप्रदेश के ऊपर चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है जहां से एक दोणिका (ट्रफ लाइन) विदर्भ, रायलसीमा, तमिलनाडु से होते हुए कोमोरिन क्षेत्र तक और दूसरी द्रोणिका छत्तीसगढ़, झारखण्ड, पश्चिम बंगाल से होते हुए मेघालय तक फैली हुई है। इसी कारण बादलों की आवा-जाही बनी हुई है। इन मौसम प्रणालियों के प्रभाव से अगले 24 घंटे के दौरान भी मौसम ऐसा ही बना रहेगा। इसके बाद आठ से दस मई तक मौसम गर्म रहेगा। इस दौरान अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। इसके बाद 11 मई को जम्मू-कश्मीर में एक और पश्चिमी विक्षोभ आएगा। जिसके प्रभाव से एक बार फिर बादलों की आवा-जाही शुरू हो जाएगी।
स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार पिछले दिन की अपेक्षा शुक्रवार को अधिकतम तापमान 0.2 डिग्री सेल्सियस आंशिक गिरावट के साथ 40.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 0.8 डिग्री सेल्सियस कम है जबकि न्यूनतम तापमान 1.7 डिग्री सेल्सियस वृद्धि के साथ 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 0.6 डिग्री सेल्सियस अधिक है। आज सुबह हवा में नमी 48 और शाम को 47 प्रतिशत दर्ज की गई।
Dakhal News
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |