Patrakar Priyanshi Chaturvedi
पटना में जदयू के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रशांत किशोर ने जदयू से जुड़े छात्रों-युवाओं को चुनाव जीतने का मंत्र दिया। कहा कि जनता के बीच जाइए, उनकी सेवा कीजिए। पांच साल बाद टटोलिएगा कि आप कहां खड़े हैं। खुद पर भरोसा हो तो चुनाव लड़िए, जरूर कामयाबी मिलेगी। किशोर युवा और छात्र जदयू के चुनिन्दा कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री निवास पर बैठक आयोजित थी। इसमें करीब तीन सौ छात्र-युवा शामिल थे। उन्होंने अपने बारे में साफ किया कि मैं राज्यसभा नहीं जा रहा हूं। लोकसभा चुनाव भी नहीं लड़ूंगा। जनता की सेवा के इरादे से जदयू में शामिल हुआ हूं। मेरा कोई और लक्ष्य नहीं है।
किशोर ने छात्रों-युवाओं को टास्क दिया कि वे हर जिले में तीन सौ सक्रिय कार्यकर्ता तैयार करें। इनमें दो सौ युवा और सौ छात्र होंगे। प्रदेश से लेकर जिला स्तर तक युवाओं-छात्रों की समन्वय समिति बनाएं। इसके संयोजक युवा और अध्यक्ष छात्र होंगे। फिर जदयू की मूल कमेटी से मिलकर जन सेवा के कार्यक्रम तय करें। सब मिलकर जनता के बीच जाएं।
उन्हें जदयू की नीतियों और सरकार की उपलब्धियों से अवगत कराएं। किशोर का कहना था कि जदयू ही ऐसी पार्टी है, जिसमें मेहनत करने वाले कार्यकर्ताओं की हकमारी नहीं होती। उन्होंने कहा कि आप ऐसी पार्टी में हैं, जहां विरासत के आधार पर पद नहीं मिलता। यह किसी पिता की पार्टी नहीं है जिस पर सिर्फ वारिस का हक हो।
Dakhal News
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |