Patrakar Priyanshi Chaturvedi
अभिषेक चौबे की नई फिल्म का काम जोरों पर हैं। लीड एक्टर का तो फर्स्ट लुक भी जारी कर दिया गया है। जारी हुई तस्वीर में तो सुशांत सिंह राजपूत पूरे डाकू नजर आ रहे हैं। उनका अंदाज काफी प्रभाव डाल रहा है।
ज्यादा दिन नहीं हुए, शायद नवंबर की ही बात है जब इस फिल्म की पूरी कास्ट एक संडे को मुंबई के एक क्लब में रीडिंग सेशन के लिए इकट्ठा हुई थी, जिनमें भूमि पेडनेकर और सुशांत सिंह राजपूत भी शामिल थे। आशुतोष राणा, मनोज बाजपेयी के अलावा रणवीर शौरी भी टीम का हिस्सा हैं।
इस फिल्म का नाम 'सोन चिड़िया' रखा गया है। खबरी ने बताया ''उड़ता पंजाब' के बाद अब अभिषेक चौबे अपनी अगली फिल्म का नाम भी कुछ हट कर रखने वाले हैं। वर्किंग टाइटिल के रूप में 'सोन चिड़िया' ही नाम रखा गया है। हालांकि यही फाइनल नाम होगा या नहीं, यह तय नहीं है। ये पक्का है कि फिल्म की कहानी के मुताबिक यह शीर्षक बिल्कुल फिट बैठ रहा है। सो, इस नाम पर मुहर लग सकती है। कहानी पूरी तरह देसी होगी जैसी कि अभिषेक की फिल्मों की रहती है।'
'उड़ता पंजाब' बनाने वाले अभिषेक की पहली फिल्म 'इश्किया' का शीर्षक भी बाकी फिल्मों से अलग था। और इससे यह बात साबित हो सकती है कि अभिषेक अलग तरह के शीर्षक का चयन करने में उस्ताद रहे हैं। बता दें कि सुशांत सिंह राजपूत फिल्म में लीड किरदार निभा रहे हैं और रीडिंग सेशन के दौरान वह काफी उत्साहित भी नज़र आ रहे थे।
ऐसी ख़बरें आ रही हैं कि अभिषेक की इस फिल्म की कहानी वास्तविक घटनाओं से प्रेरित होगी। अब देखना यह है कि अभिषेक फिल्म के नाम की आधिकारिक घोषणा कब तक करते हैं। फिल्म का निर्माण रॉनी स्क्रूवाला कर रहे हैं। फिल्म के इसी साल रिलीज़ होने की गुंजाइश है।
Dakhal News
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |