Patrakar Priyanshi Chaturvedi
झारखंड की राजधानी रांची में पत्रकार और टीवी एंकर अमन चोपड़ा से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसमें कुछ पुलिसकर्मी उन्हें एक रेस्टोरेंट में नाश्ते की टेबल से अपने साथ ले जाते दिखाई दिए। बाद में सामने आया कि सदर अस्पताल के हाई डिपेंडेंसी यूनिट (एचडीयू) में बिना अनुमति प्रवेश कर वीडियो बनाने और उसे प्रसारित करने के आरोप में उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई अस्पताल के मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी की शिकायत पर हुई।
मामले से जुड़े पत्रकारों का कहना है कि इसके पीछे असल वजह झारखंड पेपर लीक मुद्दे पर छात्रों के आंदोलन की कवरेज है, जो राज्य सरकार को पसंद नहीं आई। वरिष्ठ पत्रकार नवलकांत सिन्हा ने इस कार्रवाई को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का उल्लंघन बताते हुए कहा कि अगर सरकार को कवरेज से आपत्ति थी तो उसके पास गलत रिपोर्टिंग को लेकर कानूनी विकल्प थे, लेकिन इस तरह पूछताछ के लिए उठा ले जाना उचित नहीं है।
इस घटना ने एक बार फिर पत्रकारों की सुरक्षा और प्रशासन के साथ उनके टकराव का मुद्दा मीडिया जगत में गरमा दिया है। पत्रकार संगठनों ने चिंता जताई है कि संवेदनशील मुद्दों पर सरकार के खिलाफ रिपोर्टिंग करने वाले पत्रकारों को इस तरह निशाना बनाया जाना लोकतंत्र के लिए चिंताजनक संकेत है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |