Patrakar Priyanshi Chaturvedi
पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े आतंकी मॉड्यूल मामले में अमृतसर से गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान दिल्ली कनेक्शन सामने आया है। जांच एजेंसियों के मुताबिक, आरोपियों ने जंतर-मंतर पर पुलिसकर्मियों, सेना के जवानों और अन्य वर्दीधारी सरकारी कर्मचारियों को निशाना बनाने की साजिश का खुलासा किया है। पूछताछ में आरोपी वंश कुमार ने कथित तौर पर बताया कि 25 जुलाई 2026 को देव सिंह उर्फ करण ने विशाल उर्फ गंगू को दिल्ली जाने का निर्देश दिया था। इसके बाद 25 जुलाई की शाम आरोपी अमृतसर रेलवे स्टेशन से ट्रेन के जरिए दिल्ली के लिए रवाना हुए और 26 जुलाई की सुबह नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचने के बाद जंतर-मंतर गए।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने दावा किया कि जंतर-मंतर पर उत्तर प्रदेश के रहने वाले एक अज्ञात व्यक्ति ने उनसे मुलाकात की। आरोप है कि यह व्यक्ति पाकिस्तान में बैठे हैंडलर के निर्देश पर वहां पहुंचा था। उसने आरोपियों को आठ कांच की बोतलें दीं और कथित तौर पर इनसे पेट्रोल बम तैयार कर जंतर-मंतर और आसपास ड्यूटी कर रहे सुरक्षाकर्मियों पर हमला करने का निर्देश दिया। हालांकि, आरोपियों ने हमला क्यों नहीं किया और इस साजिश के पीछे पाकिस्तान स्थित हैंडलर की क्या भूमिका थी, इसकी जांच सुरक्षा एजेंसियां कर रही हैं। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और पंजाब पुलिस मामले में आरोपियों के संपर्क, फंडिंग और अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही हैं।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |