1000 किमी मारक क्षमता वाला स्वदेशी ‘काल’ ड्रोन तैयार, LoC-LAC पर होगी तैनाती
भारत ने स्वदेशी रक्षा क्षमता को मजबूत करते हुए 1000 किलोमीटर तक मार करने वाला अपना पहला वन-वे अटैक ड्रोन ‘काल’ तैयार कर लिया है। इसे भारतीय रक्षा कंपनी IG डिफेंस ने पूरी तरह देश में डिजाइन और विकसित किया है। यह ड्रोन 7 से 8 घंटे तक लगातार उड़ान भर सकता है और दुश्मन के टैंक, बंकर, सैन्य ठिकानों व रणनीतिक लक्ष्यों पर सटीक हमला करने में सक्षम है। इसकी श्रेणी ईरान के शाहेद-136, रूस के Geran-2 और अमेरिका के LUCAS जैसे अटैक ड्रोन के समान मानी जा रही है।
कंपनी के अनुसार, ‘काल’ ड्रोन को जल्द ही LoC और LAC पर तैनात किया जाएगा, जिससे सीमावर्ती इलाकों में भारतीय सेना की निगरानी और हमला करने की क्षमता मजबूत होगी। IG डिफेंस का कहना है कि केंद्र सरकार की मंजूरी मिलने के बाद इस स्वदेशी ड्रोन का निर्यात भी मित्र देशों को किया जा सकेगा। यह परियोजना भारत की रक्षा आत्मनिर्भरता और आधुनिक सैन्य तकनीक की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।