नेपाल ने ₹200 और ₹500 के नए भारतीय नोटों को दी मंजूरी, यात्रियों और कारोबारियों को राहत
नेपाल ने भारतीय मुद्रा से जुड़े नियमों में राहत देते हुए 9 नवंबर 2016 के बाद जारी ₹200 और ₹500 के नए भारतीय नोटों को सीमित मात्रा में लाने-ले जाने की अनुमति दे दी है। नेपाल राष्ट्र बैंक (NRB) के नए निर्देश के अनुसार भारतीय और नेपाली नागरिक अब अधिकतम ₹25,000 तक के नए डिजाइन वाले भारतीय नोट नेपाल ला और ले जा सकेंगे। हालांकि, 2016 की नोटबंदी से पहले जारी पुराने ₹500 और ₹1,000 के नोटों पर प्रतिबंध पहले की तरह जारी रहेगा।
नेपाल सरकार के इस फैसले से भारत-नेपाल के बीच यात्रा, पर्यटन और व्यापार को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। एनआरबी ने स्पष्ट किया है कि नेपाली नागरिक भारतीय मुद्रा केवल भारत से ही नेपाल ला सकेंगे और नेपाल से बाहर ले जाई गई भारतीय मुद्रा भी केवल भारत तक ही ले जाई जा सकेगी। दोनों देशों के बीच खुली सीमा और मजबूत आर्थिक संबंधों को देखते हुए इस निर्णय को सीमा पार आवाजाही और व्यापार को आसान बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।