ईरान पर बड़े हमले से पीछे हटे ट्रम्प, मिसाइल भंडार घटने की चेतावनी बनी वजह
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने फिलहाल ईरान पर बड़े सैन्य हमलों को रोकने का फैसला किया है। द न्यूयॉर्क टाइम्स और एक्सियोस की रिपोर्ट के मुताबिक, शीर्ष सैन्य और सुरक्षा अधिकारियों के साथ बैठक के बाद ट्रम्प ने सेना को नए बड़े हमले रोकने का निर्देश दिया। अधिकारियों ने चेतावनी दी थी कि अभियान जारी रहने पर मध्य-पूर्व में तैनात अमेरिकी सेना के पास पैट्रियट इंटरसेप्टर मिसाइलों और अन्य वायु रक्षा हथियारों का भंडार गंभीर रूप से कम हो सकता है, जिससे अमेरिकी सैनिकों और सहयोगी देशों की सुरक्षा प्रभावित हो सकती है।
इस बीच क्षेत्र में तनाव बरकरार है। हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब की जजान स्थित अरामको रिफाइनरी पर बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला करने का दावा किया है, जबकि ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य में चार जहाजों को चेतावनी देने के लिए फायरिंग किए जाने की बात कही है। वहीं बहरीन में अमेरिकी नौसैनिक ठिकाने पर ड्रोन और मिसाइल हमले की भी खबर है। रिपोर्टों के अनुसार, अमेरिका ने लगातार 13 दिनों तक हमले करने के बाद पहली बार कार्रवाई रोकी है, हालांकि जरूरत पड़ने पर बड़े सैन्य अभियान के लिए सेना को तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।