बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट में देरी पर जापान के पूर्व मंत्री के आरोप, भारत ने कहा- बातचीत सकारात्मक
मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना में देरी को लेकर जापान के पूर्व न्याय मंत्री हिदेकी माकिहारा ने भारतीय पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सोशल मीडिया पर उन्होंने दावा किया कि जापानी टीम ने परियोजना के लिए पूरी मेहनत की, लेकिन भारतीय पक्ष ने अपने वादे पूरे नहीं किए, समझौतों से पीछे हट गया और समय-समय पर शर्तें बदलता रहा। उनके अनुसार, यही कारण है कि परियोजना तय गति से आगे नहीं बढ़ सकी। उन्होंने यह भी कहा कि जापान के प्रधानमंत्री के हालिया भारत दौरे के बावजूद इस मुद्दे पर कोई ठोस प्रगति नहीं हुई।
वहीं, भारत सरकार ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल परियोजना पर भारत और जापान के बीच बातचीत सकारात्मक ढंग से आगे बढ़ रही है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि जापान की E-10 ट्रेन सीरीज अभी विकसित की जा रही है और इसकी आपूर्ति 2030 के शुरुआती वर्षों में होगी। दोनों देशों ने सहमति बनाई है कि 2027 में शुरू होने वाले पहले चरण पर भारतीय हाई स्पीड ट्रेन का संचालन शुरू किया जाएगा।