अमेरिका-ईरान तनाव बढ़ा, दोनों ओर से सैन्य कार्रवाई तेज
अमेरिका ने लगातार चौथे दिन ईरान के खिलाफ सैन्य अभियान जारी रखते हुए होर्मुज स्ट्रेट के आसपास मिसाइल और ड्रोन ठिकानों, नौसैनिक संसाधनों तथा तटीय रक्षा प्रणालियों को निशाना बनाया। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के अनुसार यह अभियान करीब सात घंटे तक चला। वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने चेतावनी दी कि यदि ईरान समझौते के लिए आगे नहीं आया तो अगले चरण में बिजलीघरों और पुलों जैसे अहम ढांचों को भी निशाना बनाया जा सकता है। दूसरी ओर, ईरान ने कहा है कि वह अमेरिकी दबाव के आगे नहीं झुकेगा और होर्मुज स्ट्रेट को लेकर अपनी रणनीति जारी रखेगा।
इस बीच ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने बहरीन, कुवैत और जॉर्डन स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर जवाबी हमलों का दावा किया है। वहीं, होर्मुज स्ट्रेट में व्यापारिक जहाजों पर हुए हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत और 10 अन्य के घायल होने की खबर है। भारत ने इस घटना पर कड़ा विरोध दर्ज कराते हुए ईरानी दूतावास के उप प्रमुख को तलब किया है। विदेश मंत्रालय के अनुसार, फिलहाल भारत से जुड़े 11 जहाज और 148 भारतीय नाविक फारस की खाड़ी में फंसे हुए हैं, जबकि क्षेत्र में जहाजों की आवाजाही भी काफी घट गई है।