ब्रिटेन में मंदिर परिसर की बिक्री पर विवाद, हाई कोर्ट में पहुंचा मामला
ब्रिटेन के पीटरबरो शहर में 40 साल पुराने मंदिर और कम्युनिटी सेंटर की बिक्री को लेकर विवाद गहरा गया है। पीटरबरो सिटी काउंसिल ने न्यू इंग्लैंड कॉम्प्लेक्स को नीलामी के बाद यूनाइटेड किंगडम इस्लामिक मिशन को बेचने का फैसला किया है। इस परिसर में भारत हिंदू समाज का मंदिर संचालित होता है, जिसे स्थानीय हिंदू समुदाय का प्रमुख धार्मिक और सांस्कृतिक केंद्र माना जाता है। भारत हिंदू समाज ने हाई कोर्ट में याचिका दायर कर आरोप लगाया है कि बिक्री प्रक्रिया में मंदिर की सामाजिक और धार्मिक भूमिका की अनदेखी की गई और नीलामी प्रक्रिया में भी गंभीर खामियां रहीं।
मंदिर प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि उसका विरोध किसी मुस्लिम संस्था से नहीं, बल्कि काउंसिल की निर्णय प्रक्रिया से है। फरवरी 2026 में हाई कोर्ट ने अंतरिम आदेश जारी कर बिक्री पर रोक लगा दी थी और अब न्यायिक समीक्षा के जरिए यह जांच की जा रही है कि संपत्ति बेचने का फैसला कानून और समानता के सिद्धांतों के अनुरूप था या नहीं। भारत हिंदू समाज का कहना है कि यदि यह मंदिर बंद हुआ तो पीटरबरो और आसपास के करीब 4,000 हिंदुओं को पूजा-अर्चना और धार्मिक आयोजनों के लिए 50 किलोमीटर से अधिक दूर स्थित मंदिरों पर निर्भर होना पड़ेगा।