1996 श्रीनगर हिंसा मामले में NIA की बड़ी कार्रवाई, हुर्रियत के 6 नेताओं पर चार्जशीट
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने 1996 में श्रीनगर में आतंकी हिलाल अहमद बेग के जनाजे के दौरान हुई हिंसा और पुलिस पर फायरिंग के मामले में हुर्रियत कॉन्फ्रेंस के छह वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है। चार्जशीट में शब्बीर अहमद शाह, सैयद अली शाह गिलानी, अब्दुल गनी लोन, मोहम्मद याकूब वकील, जावेद अहमद मीर और शकील अहमद बख्शी के नाम शामिल हैं। हालांकि, सैयद अली शाह गिलानी, अब्दुल गनी लोन और मोहम्मद याकूब वकील के निधन के कारण उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई समाप्त हो गई है।
एनआईए का आरोप है कि इन नेताओं ने जनाजे में मौजूद भीड़ को भड़काया, भारत विरोधी और पाकिस्तान समर्थक नारे लगवाए तथा अलगाववाद को बढ़ावा देने की साजिश रची। जांच एजेंसी के मुताबिक, आतंकवादी के अंतिम संस्कार का इस्तेमाल कानून-व्यवस्था बिगाड़ने, सुरक्षा बलों के खिलाफ हिंसा भड़काने और जम्मू-कश्मीर में अलगाववादी एजेंडा फैलाने के लिए किया गया। एनआईए ने इस मामले की जांच अप्रैल 2026 में अपने हाथ में ली थी और एजेंसी के अनुसार जांच अभी भी जारी है।