NEET-UG 2027 में बड़ा बदलाव, 6 दिन चलेगी कंप्यूटर बेस्ड परीक्षा
देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET-UG 2027 अब पूरी तरह कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT) मोड में आयोजित की जाएगी। परीक्षा कम से कम छह दिनों तक अलग-अलग चरणों में होगी और इसके लिए देशभर में 1,000 से अधिक परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) परीक्षा के नए प्रारूप पर काम कर रही है। यह बदलाव 2024 और 2026 में सामने आए पेपर लीक और परीक्षा संबंधी विवादों के बाद परीक्षा प्रणाली को अधिक सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से किए जा रहे हैं।
फिलहाल NEET-UG पेन-पेपर मोड में आयोजित होती रही है, जिसमें हर साल करीब 25 लाख अभ्यर्थी शामिल होते हैं। इसी परीक्षा के आधार पर मेडिकल के साथ-साथ डेंटिस्ट्री, आयुर्वेद, यूनानी और सिद्ध चिकित्सा पाठ्यक्रमों में भी प्रवेश मिलता है। परीक्षा सुधारों के लिए केंद्र सरकार ने पूर्व इसरो प्रमुख के. राधाकृष्णन की अध्यक्षता में समिति गठित की थी, जिसकी सिफारिशों के आधार पर नई व्यवस्था लागू करने की तैयारी की जा रही है।