भारतवंशी कारोबारी पर इंडोनेशिया में 425 करोड़ की कथित धोखाधड़ी का आरोप
Indian-origin businessman ,  fraud, Indonesia

अमेरिका में पहले से धोखाधड़ी के मामलों का सामना कर रहे भारतवंशी कारोबारी गौरव श्रीवास्तव पर अब इंडोनेशिया में भी बड़े फर्जीवाड़े के आरोप लगे हैं। खोजी संस्था OCCRP और इंडोनेशियाई पत्रिका Tempo की रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने खुद को अमेरिकी खुफिया एजेंसी CIA का एजेंट बताकर तत्कालीन रक्षा मंत्री और वर्तमान राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो का भरोसा हासिल किया। आरोप है कि इसी भरोसे के आधार पर उन्होंने रक्षा सौदों के नाम पर करीब 425 करोड़ रुपये का कथित फर्जी कर्ज मंजूर कराया।

रिपोर्ट में दावा किया गया है कि गौरव श्रीवास्तव ने इंडोनेशिया को 36 F-15 लड़ाकू विमान, ब्लैक हॉक हेलिकॉप्टर और आधुनिक सैन्य कमांड सिस्टम उपलब्ध कराने का वादा किया था। जांच में सामने आया कि जिन चार कंपनियों के माध्यम से पांच रक्षा सौदों की प्रक्रिया शुरू हुई, वे कथित तौर पर शेल कंपनियां थीं, जिन्हें बाद में टैक्स न चुकाने के कारण बंद कर दिया गया। हालांकि इंडोनेशिया के रक्षा मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि ये सौदे अंतिम समझौते तक नहीं पहुंचे थे, इसलिए सरकार को कोई प्रत्यक्ष आर्थिक नुकसान नहीं हुआ।

 

रिपोर्ट के मुताबिक, गौरव श्रीवास्तव ने खुद को अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन, तत्कालीन उपराष्ट्रपति कमला हैरिस और कई वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारियों का करीबी बताकर अपनी विश्वसनीयता बढ़ाई। उन पर आरोप है कि उन्होंने इसी छवि का इस्तेमाल कर विदेशी अधिकारियों और कारोबारियों का विश्वास जीता। वहीं, अमेरिका में उनके खिलाफ 2024 से धोखाधड़ी सहित कई मामले लंबित हैं। गौरव श्रीवास्तव ने इन आरोपों पर क्या प्रतिक्रिया दी है, यह फिलहाल सार्वजनिक रूप से स्पष्ट नहीं है।

Priyanshi Chaturvedi 7 July 2026

Comments

Be First To Comment....

Video
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.