Patrakar Priyanshi Chaturvedi
भोपाल की मॉडल और एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत मामले में SIT जांच के दौरान बड़ा सबूत सामने आया है। जांच एजेंसियों को मिले CCTV फुटेज में घटना के बाद तीन लोग ट्विशा के शव को घर के ऊपरी हिस्से से नीचे लाते दिखाई दिए हैं। इनमें पति समर्थ सिंह, उसका चचेरा भाई और कांग्रेस से जुड़ा नेता स्वराज सिंह, तथा घर का नौकर शामिल बताया जा रहा है। इस फुटेज के सामने आने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है और जांच एजेंसियां अब क्राइम सीन से छेड़छाड़ की आशंका पर भी फोकस कर रही हैं।
SIT सूत्रों के मुताबिक, 12 मई की घटना के तुरंत बाद घर में लगे सिक्योरिटी कैमरों की डिजिटल जांच की गई थी। फुटेज में कथित तौर पर आरोपी पक्ष शव को जल्दबाजी में नीचे लाता नजर आया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि लोकल पुलिस के पहुंचने से पहले शव को क्यों हटाया गया और क्या सबूत मिटाने की कोशिश की गई थी। खासतौर पर कांग्रेस नेता स्वराज सिंह की मौजूदगी को लेकर जांच एजेंसियां सवाल उठा रही हैं। उनका बयान दर्ज कर लिया गया है और उनसे लगातार पूछताछ की जा रही है।
ट्विशा के पिता नवनिधि शर्मा और भाई मेजर हर्षित शर्मा ने आरोप लगाया है कि आरोपी परिवार अपने राजनीतिक और प्रशासनिक प्रभाव का इस्तेमाल कर जांच को प्रभावित करने की कोशिश कर रहा है। परिवार का कहना है कि मुख्य आरोपी समर्थ सिंह 10 दिनों तक फरार रहा और गिरफ्तारी के बाद उसे वीआईपी ट्रीटमेंट मिला। वहीं समर्थ की मां और रिटायर्ड न्यायिक अधिकारी गिरिबाला सिंह पर भी दहेज प्रताड़ना और घरेलू हिंसा के गंभीर आरोप लगे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए सुप्रीम कोर्ट भी इस पूरे प्रकरण की निगरानी कर रहा है।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |