Patrakar Priyanshi Chaturvedi
भोपाल मेट्रो प्रोजेक्ट का एक हिस्सा अब विवादों में घिर गया है। राजधानी के शाही कब्रिस्तान बड़ा बाग के नीचे से अंडरग्राउंड मेट्रो लाइन निकालने की योजना का मुस्लिम समुदाय और स्थानीय लोग विरोध कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि हजारों कब्रों के नीचे से मेट्रो गुजरने से धार्मिक भावनाएं आहत होंगी और कब्रों के अस्तित्व पर खतरा पैदा हो सकता है।
मामले को लेकर कमेटी इंतेजामियां औकाफ-ए-आम्मा ने मध्यप्रदेश राज्य वक्फ अधिकरण में याचिका दायर की है। शुक्रवार को हुई सुनवाई में ट्रिब्यूनल ने मेट्रो प्रबंधन से जवाब मांगा है, जबकि अगली सुनवाई 14 मई को तय की गई है। कमेटी का दावा है कि मेट्रो लाइन से करीब एक एकड़ क्षेत्र प्रभावित होगा और अब तक कोई विस्तृत तकनीकी रिपोर्ट या सुरक्षा आकलन सार्वजनिक नहीं किया गया है।
विरोध सिर्फ बड़ा बाग तक सीमित नहीं है। हमीदिया रोड स्थित मासूमा तकिया अम्मनशाह, मस्जिद नूरानी और मुल्लाशाह समेत अन्य पंजीकृत वक्फ कब्रिस्तानों के नीचे से भी मेट्रो लाइन निकालने की योजना पर आपत्ति जताई गई है। समुदाय के लोगों ने कब्रिस्तान में बैठकर प्रदर्शन किया और कहा कि यह सिर्फ धार्मिक नहीं बल्कि विरासत और सम्मान से जुड़ा मुद्दा है, जिसे लेकर अब कानूनी लड़ाई भी तेज हो गई है।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |