अभ्यास मंडल ने महिलाओं को किया सम्मानित, प्रीति अग्रवाल बोलीं- महिलाएं सृजनकर्ता हैं
Abhyas Mandal honored women, Preeti Agarwal said – women are creators

 

महिला दिवस के अवसर पर शहर के अभ्यास मंडल ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को नारी शक्ति अवार्ड 2026 से सम्मानित किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पोस्ट मास्टर जनरल प्रीति अग्रवाल उपस्थित रहीं और उन्होंने कहा कि महिलाएं सृजनकर्ता हैं और कभी कमजोर नहीं हो सकतीं। उन्होंने महिलाओं को स्वयं पर विश्वास रखने और समाज निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की प्रेरणा दी।

डॉ. माला सिंह ठाकुर ने स्वागत उद्बोधन में बताया कि अभ्यास मंडल लंबे समय से साहित्य, समाज और संस्कृति से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से सकारात्मक चेतना फैलाने का कार्य कर रहा है। इस अवसर पर डॉ. अनामिका जैन, माधुरी मोयदे, प्रियंका पांडे, कल्पना रमन और फाएजा अली को नारी शक्ति अवार्ड 2026 से सम्मानित किया गया।

सम्मानित महिलाओं ने अपने उद्बोधन में कहा कि महिला होना कमजोरी नहीं, बल्कि ताकत है। उन्होंने जोर दिया कि यदि नारी को स्वयं पर विश्वास हो तो वह समाज के हर क्षेत्र में अपनी क्षमता दिखाते हुए हर चुनौती को पार कर सकती है। कार्यक्रम का संचालन डॉ. ग्रीष्मा त्रिवेदी ने किया, जबकि मनीषा गौर ने आभार प्रकट किया।

 
Priyanshi Chaturvedi 9 March 2026

Comments

Be First To Comment....

Video
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.