Dakhal News
गोवा के चर्चित ‘बर्च बाय रोमियो लेन’ नाइट क्लब आग कांड में मुख्य आरोपी सौरभ और गौरव लूथरा को भारत लाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। थाई पुलिस ने दोनों को फुकेट में हिरासत में लिया और अब बैंकॉक ले जा रही है। वहां भारतीय एजेंसियां उन्हें कस्टडी में लेंगी और पासपोर्ट रद्द होने के कारण भारतीय दूतावास इमरजेंसी ट्रैवल सर्टिफिकेट जारी करेगा। थाईलैंड से गोवा की सीधी उड़ान नहीं होने की वजह से दोनों को पहले दिल्ली, फिर गोवा लाया जाएगा। माना जा रहा है कि सोमवार तक दोनों दिल्ली पहुंच जाएंगे, जहां पहुंचते ही गोवा पुलिस उन्हें हिरासत में लेगी।
इस बीच लूथरा ब्रदर्स के कारोबार को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक वे नाइट क्लब के अलावा 42 अन्य कंपनियों से भी जुड़े हैं, जिनमें कई केवल कागजों पर मौजूद हैं। सभी कंपनियां दिल्ली के एक ही पते—2590, ग्राउंड फ्लोर, हडसन लाइन, नॉर्थ वेस्ट दिल्ली—पर रजिस्टर्ड मिलीं। कॉर्पोरेट रिकॉर्ड दिखाते हैं कि इन फर्जी कंपनियों और LLPs में दोनों भाई डायरेक्टर या पार्टनर के तौर पर दर्ज हैं, जिनका इस्तेमाल बेनामी लेनदेन और मनी लॉन्ड्रिंग में होने की आशंका है। जांच एजेंसियां अब इस एंगल की भी जांच कर रही हैं।
6 दिसंबर को गोवा के बर्च क्लब में लगी भीषण आग में 25 लोगों की मौत हो गई थी। घटना के दौरान जब फायर ब्रिगेड राहत कार्य कर रही थी, उसी समय रात 1:17 बजे लूथरा ब्रदर्स ने थाईलैंड की टिकटें बुक कीं और सुबह 5:30 बजे दिल्ली से फुकेट के लिए उड़ान भर दी। घटना के बाद इंटरपोल ने उनके खिलाफ ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी किया था। अब गोवा पुलिस के साथ Delhi Police भी इस मामले की पड़ताल कर रही है।
Dakhal News
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |