Patrakar Priyanshi Chaturvedi
केंद्र सरकार ने 76वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर शनिवार को वर्ष 2025 के लिए पद्म पुरस्कारों की घोषणा कर दी है। इस बार 139 लोगों को पद्म पुरस्कार से सम्मानित किया जाना है। इसमें सात विशिष्ट लोगों को पद्म विभूषण और 19 लोगों को पद्म भूषण सम्मान दिया जाएगा। वहीं, 113 लोगों को उनके विशिष्ट योगदान के लिए पद्मश्री से सम्मानित किया जाएगा।पद्म भूषण पुरस्कार पाने वालों की लिस्ट में ‘प्रसार भारती’ के पूर्व चेयरमैन ए. सूर्यप्रकाश का नाम भी शामिल है। कर्नाटक के ए. सूर्यप्रकाश को साहित्य और शिक्षा-पत्रकारिता के क्षेत्र में पद्म भूषण से सम्मानित किया जाएगा।
इसके अलावा यूपी से आने वाले वरिष्ठ पत्रकार और ‘इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र’ के अध्यक्ष रामबहादुर राय को भी साहित्य और शिक्षा-पत्रकारिता के क्षेत्र में पद्म भूषण पुरस्कार दिया जाएगा। बता दें कि पद्म पुरस्कारों की घोषणा हर साल गणतंत्र दिवस के अवसर पर की जाती है। देश के राष्ट्रपति द्वारा हर साल मार्च/अप्रैल के आसपास राष्ट्रपति भवन में आयोजित होने वाले औपचारिक समारोहों में ये पुरस्कार प्रदान किए जाते हैं। ये पुरस्कार कला, सामाजिक कार्य, सार्वजनिक मामले, विज्ञान और इंजीनियरिंग, व्यापार और उद्योग, चिकित्सा, साहित्य और शिक्षा, खेल, सिविल सेवा आदि जैसे विभिन्न विषयों और क्षेत्रों में दिए जाते हैं।
इसके तहत असाधारण और विशिष्ट सेवा के लिए 'पद्म विभूषण' , उच्च कोटि की विशिष्ट सेवा के लिए 'पद्म भूषण' और किसी भी क्षेत्र में विशिष्ट सेवा के लिए 'पद्मश्री' दिया जाता है।
Dakhal News
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |